![]() |
| ग्राम लोंडी में सात दिवसीय राजयोग शिविर के दौरान आध्यात्मिक संदेश को ध्यानपूर्वक सुनते उपस्थित ग्रामीणजन। |
लोंडी में राजयोग के माध्यम से शांति और सकारात्मकता का संदेश, सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ
4 से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम आयोजित हो रहे शिविर में आत्मा-परमात्मा ज्ञान, राजयोग ध्यान, तनावमुक्त जीवन और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों पर हो रहा मार्गदर्शन
लोंडी (बालोद) । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, दिव्य दर्शन भवन पांडे पारा, बालोद (छत्तीसगढ़) के तत्वावधान में ग्राम लोंडी स्थित सांस्कृतिक कला मंच में दिनांक 4 अक्टूबर 2026 से 10 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक सात दिवसीय राजयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरस्वती दीदी जी, मुख्य अतिथि सरपंच श्री रवि निषाद जी, उपसरपंच श्री टाम लाल साहू जी एवं विशेष अतिथि ब्रह्माकुमार सुभाष भाई जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर के प्रथम सत्र में ग्राम के सरपंच श्री रवि निषाद जी एवं उपसरपंच श्री टाम लाल साहू जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सरपंच श्री रवि निषाद जी ने ग्रामवासियों से इस राजयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मन को शांत एवं सकारात्मक रखने के लिए राजयोग जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं।
उपसरपंच श्री टाम लाल साहू जी ने कहा कि जीवन में भक्ति का विशेष महत्व है। ईश्वरीय ज्ञान को जीवन में अपनाने से केवल आध्यात्मिक उन्नति ही नहीं, बल्कि व्यक्ति के विचार, व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक एवं व्यावहारिक परिवर्तन आता है।
इस अवसर पर राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरस्वती दीदी जी ने कहा कि आत्मिक स्थिति में स्थित होकर जीवन जीना ही जीवन को मधुर बनाता है। राजयोग के नियमित अभ्यास से मन को शांति एवं शक्ति मिलती है तथा घर-परिवार में स्थायी सुख-शांति का वातावरण बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, आत्मिक स्मृति और परमात्म स्मृति के अभ्यास से मन को स्थिर, शांत एवं प्रसन्न रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में बिलासपुर से विशेष अतिथि के रूप में पधारे ब्रह्माकुमार सुभाष भाई जी ने गीत एवं संगीत के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके गीत-संगीत एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों से उपस्थित ग्रामवासी भाव-विभोर हो गए और कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं आनंदमय बन गया।
राजयोग शिविर के प्रथम सत्र का ग्रामवासियों ने भरपूर लाभ लिया। शिविर में आत्मा-परमात्मा का ज्ञान, राजयोग ध्यान, सकारात्मक चिंतन, तनावमुक्त जीवन, पारिवारिक सुख-शांति एवं श्रेष्ठ जीवन मूल्यों जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथिगण को ईश्वरीय सौगात भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारी अनुराधा बहन, ब्रह्माकुमारी बसंता बहन, नमिता माता जी एवं संतोषी बहन का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने ग्राम लोंडी एवं आसपास के सभी ग्रामवासियों से आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय राजयोग शिविर में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर शांति, शक्ति, प्रेम और सकारात्मकता का अनुभव करने का आग्रह किया है।
समाचार एवं फोटो क्रेडिट: बीके उमेन्द्र सिंह देशमुख, बालोद



