शिव संदेश रैली से कौन्दकेरा में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश

10 करोड़ नशा मुक्ति भारत महाअभियान के तहत कौन्दकेरा से निकली शिव संदेश रैली में शामिल ब्रह्माकुमारीज़ के भाई-बहन एवं ग्रामीण।

दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में 10 करोड़ नशा मुक्ति भारत महाअभियान।
रोहिना-सेमराडीह में ग्रामीणों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कौन्दकेरा (राजिम)। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर में चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति भारत महाअभियान के तहत रविवार को कौन्दकेरा स्थित वरदानी भवन सेवाकेंद्र द्वारा दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में शिव संदेश रैली निकाली गई। सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी तारिणी दीदी ने शिवबाबा की पूजा-अर्चना के बाद रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में करीब 60 भाई-बहनों ने सहभागिता की।
रैली कौन्दकेरा से रवाना होकर रोहिना एवं सेमराडीह पहुंची। रैली में शामिल भाई-बहन हाथों में नशामुक्ति संबंधी बैनर लेकर चल रहे थे और नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए ग्रामीणों को जागरूक कर रहे थे। दोनों गांवों के चौक-चौराहों पर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, पवित्र एवं श्रेष्ठ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी तारिणी दीदी ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति नशे की हालत में घर लौटता है तो इस आदत का असर मां, पत्नी और बच्चों पर भी पड़ता है। उन्होंने ग्रामीणों से समय रहते नशे का त्याग कर अपने परिवार में सुख-शांति का वातावरण बनाने की अपील की।
उन्होंने नशे की लत को दलदल बताते हुए कहा कि व्यक्ति जब इसमें फंस जाता है तो धीरे-धीरे उसका इस पर नियंत्रण कम होता जाता है और इससे बाहर निकलना कठिन हो जाता है। इसलिए समय रहते दृढ़ संकल्प के साथ नशे का त्याग करना आवश्यक है।
![]() |
| नशामुक्त भारत महाअभियान के तहत शिव संदेश कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सम्मिलित हुईं ग्रामीण माताएं एवं बहनें। |
रैली के दौरान ब्रह्माकुमारी प्रेमलता बहन ने शिव संदेश देते हुए शिवबाबा के अवतरण का आध्यात्मिक संदेश दिया। उन्होंने लोगों को जीवन में पवित्रता, श्रेष्ठ संस्कार एवं सकारात्मक विचार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने साथ भौतिक वस्तुएं नहीं ले जाता, बल्कि उसके साथ उसके श्रेष्ठ कर्म ही जाते हैं। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा आत्मचिंतन, ईश्वर स्मरण और स्वयं के लिए निकालने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान बीके उमाकांत भाई एवं बीके धनेश्वरी बहन ने ग्रामीणों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। रोहिना एवं सेमराडीह में ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अभियान से प्रेरित होकर कई ग्रामीणों ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया।
रैली में डॉ. विवेकानंद चंदेल, बीके रामेश्वर भाई, बीके कान्हा भाई एवं बीके छोटी बहन सहित संस्थान के अन्य भाई-बहनों ने सहभागिता की। शिव संदेश रैली के माध्यम से कौन्दकेरा, रोहिना एवं सेमराडीह के ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति, पवित्रता, श्रेष्ठ संस्कार एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।
📺 इस खबर का पूरा वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए प्ले (Play) बटन पर क्लिक करें:
Report & Chief Editor: Krishna Chandra Sahu
Spiritual Mirror News
सत्य • शांति • सकारात्मकता
